खीरी प्रयागराज, 5 मार्च 2026 – भूषण फैमिली फाउंडेशन की तरफ से ग्राम ढेरहन बाबू तारा में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रंगा-रंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें गायक रितेश मिश्र, बृजेश मिश्र (पयासी बंधू), श्री हरीदास पंडित, सूरज सरगम, रोहित सिंह कुशवाहा, अजय कुशवाहा और संतोष सिंह ने भजन और होली गीत प्रस्तुत किए।
समाजसेवी श्रीनाथ सिंह ने कहा, “गांव के विकास के लिए भूषण फैमिली फाउंडेशन अच्छा काम कर रहे हैं। वो सभी लोग बधाई के पात्र हैं जो संस्था के सदस्य हैं। सिलाई-कटाई के साथ-साथ सभी स्कूलों में मुफ्त में पुस्तक का वितरण भी किया जा रहा है।”
भूषण फैमिली फाउंडेशन के संस्थापक संजय भूषण पटियाला ने कहा, “होली का त्योहार प्रेम, एकता और भाईचारे का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य है कि इस त्योहार के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो और लोगों के बीच प्रेम और सौहार्द बढ़े।”
कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और होली के रंगों में जमकर रंगे। इस अवसर पर भूषण फैमिली फाउंडेशन की तरफ से सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया।

