- प्रभात फेरी में सिख श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा, शहर में गूंजी एकता की गूंज।
- गुरु गोविंद सिंह जी की शिक्षाएं समाज को एकता और सेवा का पाठ पढ़ाती हैं : चंद्र प्रकाश जैन।
- हजारीबाग यूथ विंग का समर्पण समाज में एकता और प्रेम का संदेश फैलाने वाला प्रेरक प्रयास है : सिख समुदाय।
हजारीबाग न्यूज़: गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती के उपलक्ष्य में सिख समुदाय ने शहर में पांच दिवसीय प्रभात फेरी का आयोजन किया। सोमवार को यह प्रभात फेरी सुभाष मार्ग स्थित भारत शुभम खंडेलवाल स्कूल के समीप पहुंची, जहां हजारीबाग यूथ विंग ने भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।
हजारीबाग यूथ विंग के सदस्यों ने सिख समुदाय के वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा करते हुए मेवे के पैकेट वितरित किए गए। इस कार्यक्रम का संचालन रोहित बजाज ने किया। आयोजन में शामिल लोगों ने गुरु गोविंद सिंह जी के विचारों और शिक्षाओं को आत्मसात करने की प्रेरणा ली।
सिख समुदाय के प्रतिनिधियों ने हजारीबाग यूथ विंग के इस प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने इसे सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को प्रोत्साहित करने वाला कदम बताया। समुदाय के वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विभिन्न धर्मों और समुदायों के बीच प्रेम और सद्भाव का संदेश फैलता है।
चंद्र प्रकाश जैन, संरक्षक, हजारीबाग यूथ विंग:
“गुरु गोविंद सिंह जी का जीवन त्याग, सेवा और एकता का प्रतीक है। उनकी शिक्षाएं हमें समाज में हर प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने और समानता का संदेश देती हैं। सिख समुदाय की प्रभात फेरी हमारे समाज को एकजुटता और आध्यात्मिकता का पाठ पढ़ाती है। हजारीबाग यूथ विंग ऐसे पवित्र आयोजनों में योगदान देने के लिए सदैव तत्पर है।”
प्रभात फेरी के दौरान सिख समुदाय के सदस्यों ने अपने परंपरागत वाद्ययंत्रों और भजन-कीर्तन से माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। यह आयोजन केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि पूरे हजारीबाग शहर के लिए एकता और भाईचारे का संदेश लेकर आया।
कार्यक्रम में संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, सहसचिव डॉ. बी. वेंकटेश, कोषाध्यक्ष रितेश खंडेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य रोहित बजाज, मो. ताजुद्दीन, सिद्धार्थ कुमार उर्फ सिद्धू समेत कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।