- एनएचएआई (NHAI) की लापरवाही बनी लोगों की मुसीबत
चौपारण (हजारीबाग): प्रखंड क्षेत्र के जीटी रोड़ महुदी में सड़क जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़क निर्माण में हो रही देरी और कई जगहों पर सिंगल लेन के कारण हर दिन आम लोगों के साथ यात्री भी जाम में फंसने को मजबूर हैं। शुक्रवार को भी महुदी मोड़ से पवई चौक तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।ज्ञात हो कि महुदी मोड़ के आसपास लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। कुछ दिन पूर्व हजारीबाग डीसी के निर्देश पर एनएचएआई में कार्यरत कंपनी की ओर से सड़क पर बने कुछ गड्ढों को भरने का काम कराया गया था। इसके बावजूद कुछ ही दिनों में स्थिति फिर पहले जैसी हो गई। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे और संकरी सड़क के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती है और देखते ही देखते जाम लग जाता है।
सिंगल लेन के कारण बढ़ रही परेशानी
जीटी रोड़ पर निर्माण कार्य में देरी के साथ कई स्थानों पर सिंगल लेन से वाहनों की आवाजाही हो रही है। भारी वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति और विकट हो जाती है। जाम में एंबुलेंस, यात्री बस, स्कूली वाहन और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन भी फंस रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति में स्थायी सुधार नहीं होने के कारण रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। गड्ढों को भरने के बाद कुछ समय के लिए राहत तो मिली, लेकिन सड़क निर्माण का काम पूरा नहीं होने से समस्या दोबारा सामने आ गई।
लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने, गड्ढों की स्थायी मरम्मत कराने और जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जीटी रोड जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर लगातार जाम रहना यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन रहा है।

