मुंबई, 21 सितंबर 2026: भोजपुरी सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘यार तोहपे कुर्बान’ का भव्य मुहूर्त सोमवार को मुंबई के एक स्टूडियो में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। राघव कला एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही इस फिल्म के मुहूर्त के साथ ही इसके निर्माण की औपचारिक शुरुआत हो गई है। फिल्म की शूटिंग अगले महीने से गोरखपुर में शुरू होगी।
फिल्म के मुहूर्त समारोह में निर्माता एवं लेखक डॉ. ब्रजेन्द्र नारायण, निर्देशक ब्रज भूषण, मुख्य अभिनेता आदित्य मोहन, अभिनेत्री मेघा श्री सहित फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही।
निर्देशक ब्रज भूषण ने फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “आज हमारे लिए बहुत ही शुभ दिन है। ‘यार तोहपे कुर्बान’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक इमोशन है, जो सच्ची दोस्ती और प्यार को पर्दे पर जीवंत करेगी। फिल्म का मुहूर्त मुंबई में हुआ है, लेकिन इसकी आत्मा गोरखपुर की मिट्टी में बसती है। यही वजह है कि इसकी शूटिंग गोरखपुर में ही की जाएगी।”
वहीं, फिल्म के मुख्य अभिनेता आदित्य मोहन इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा, “मैं इस फिल्म को लेकर बहुत एक्साइटेड हूं। ‘यार तोहपे कुर्बान’ मेरी अब तक की सबसे इमोशनल और एक्शन से भरपूर फिल्मों में से एक होने वाली है। जब ब्रज भूषण जी ने मुझे इसकी कहानी सुनाई, तो मैंने तुरंत हां कर दी। यह कहानी दोस्ती पर कुर्बान होने की है, जिससे हर युवा खुद को जोड़ पाएगा।”
आदित्य मोहन ने आगे कहा, “गोरखपुर में शूटिंग को लेकर भी मैं बहुत उत्साहित हूं। वहां के लोगों का प्यार हमेशा मिलता है। मुझे पूरा विश्वास है कि मेघा श्री के साथ मेरी जोड़ी को दर्शक एक बार फिर भरपूर प्यार देंगे।”
फिल्म के लेखक एवं निर्माता डॉ. ब्रजेन्द्र नारायण ने बताया कि ‘यार तोहपे कुर्बान’ की कहानी युवाओं के दिल को छूने वाली होगी। फिल्म में रोमांस, एक्शन, पारिवारिक ड्रामा और दिल को छू लेने वाला संगीत देखने-सुनने को मिलेगा। कहानी को इस तरह तैयार किया गया है कि दर्शक इसके भावनात्मक पहलुओं से जुड़ सकें।
फिल्म में भोजपुरी सिनेमा की चर्चित जोड़ी आदित्य मोहन और मेघा श्री मुख्य भूमिकाओं में नजर आएगी। इनके साथ विशाल त्रिपाठी, तमन्ना, अयाज खान, माया यादव, गिरीश शर्मा, हेमलता सिंह, अशोक महर्षि और इंद्रसेन यादव भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे।
फिल्म के गीत डॉ. रंजू सिन्हा, परमेश्वर प्रेमी और नियरा राजर्षि ने लिखे हैं, जबकि संगीत की जिम्मेदारी शिशिर पांडेय ने संभाली है।
फिल्म का पहला शूटिंग शेड्यूल अक्टूबर 2026 से गोरखपुर में शुरू होने वाला है। मुंबई में भव्य मुहूर्त के बाद अब फिल्म की टीम गोरखपुर में शूटिंग की तैयारियों में जुटेगी। दोस्ती, प्यार, एक्शन और पारिवारिक भावनाओं से सजी यह भोजपुरी फिल्म अपने विषय और कलाकारों को लेकर चर्चा में है।

